द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव में अब समाजवादी पार्टी भी मैदान में उतर आई है। दरभंगा में आरजेडी उम्मीदवार के समर्थन में सपा अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी दोनों पर एक साथ हमला बोला।
अखिलेश ने कहा, “भाजपा से मिथिला के लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। इनके पास ए, बी और अब पी टीम तक तैयार है।” प्रशांत किशोर का नाम सीधे न लेते हुए भी उन्होंने इशारों में उन्हें भाजपा की ‘पी टीम’ बता दिया।
नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए अखिलेश बोले, “वे जानते हैं कि अब मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे, वे सिर्फ चुनावी दूल्हा हैं जो दूसरों को माला पहना रहे हैं।” उन्होंने कहा कि जैसे महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भाजपा ने अपने ही चेहरों को किनारे किया, वैसा ही हाल बिहार में भी होगा।

मोकामा में जनसुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “जहां प्रधानमंत्री और गृह मंत्री प्रचार कर रहे हों, वहां ऐसी हत्या हो जाना बताता है कि ये जंगलराज है या भाजपा-राज।”
रोजगार के मुद्दे पर अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “भाजपा ने युवाओं से नौकरी छीनी है। फौज में जो सम्मानजनक नौकरी मिलती थी, उसे भी खत्म कर दिया।” उन्होंने तेजस्वी यादव के रोजगार वादे पर भरोसा जताते हुए कहा, “तेजस्वी ने पहले भी नौकरी दी है, इस बार भी हर घर को रोजगार देंगे।” सभा के अंत में अखिलेश ने दावा किया, “जैसे अवध ने भाजपा को हराया, अब मगध की जनता भी भाजपा को सबक सिखाएगी।”
